कटिहार रेलवे स्टेशन पर म्यांमार मूल के चार विदेशी नागरिक पकड़े गए

कटिहार (SHABD) : कटिहार रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने रविवार को म्यांमार मूल के चार विदेशी नागरिकों को पकड़ा। इनमें एक वयस्क पुरुष और तीन नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। जांच के दौरान किसी के पास वैध नागरिकता संबंधी दस्तावेज, पहचान पत्र या पासपोर्ट नहीं मिला। मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज कर एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीनों नाबालिग लड़कियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

आरपीएफ के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट ईस्ट की प्रशिक्षु दारोगा सारिका कुमारी के नेतृत्व में एएसआई वीके राय, कांस्टेबल प्रवीण और महिला कांस्टेबल एसके मीणा की टीम कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर तैनात थी। इसी दौरान सेमापुर की ओर से आने वाली ट्रेन संख्या 12505 कामाख्या-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के स्टेशन पर पहुंचने पर टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चार लोगों को पकड़ा।

पूछताछ और जांच के दौरान चारों के पास वैध पासपोर्ट, नागरिकता प्रमाण पत्र या अन्य कानूनी पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। पूछताछ में उनके म्यांमार मूल के होने की जानकारी सामने आने के बाद आरपीएफ ने चारों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया। आरपीएफ की ओर से जीआरपी को इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी गई। इसके बाद जब्ती की कार्रवाई और मेडिकल जांच कराई गई।

आरपीएफ की शिकायत के आधार पर जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 21 तथा पासपोर्ट एक्ट, 1920 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की है।

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिगों को बाल कल्याण समिति के समक्ष किया जाएगा प्रस्तुत

पुलिस के अनुसार, मामले में मोहम्मद नूर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, तीनों नाबालिग विदेशी लड़कियों को बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत बाल कल्याण समिति (CWC) और जेजेबी के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

आरपीएफ और जीआरपी अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चारों विदेशी नागरिक कटिहार तक कैसे पहुंचे, उनका वास्तविक गंतव्य क्या था और उन्हें यहां लाने या ले जाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *