पश्चिम एशिया संकट पर सर्वदलीय बैठक, सरकार ने हालात सामान्य बताए

नई दिल्ली (SHABD ): पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए संसद भवन में ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई। इस अहम बैठक में सरकार ने सभी दलों को मौजूदा हालात की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू की पहल पर ये बैठक शुरू हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री जयशंकर समेत सरकार के 7 मंत्री मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने “पश्चिम एशिया संघर्ष: वर्तमान स्थिति और प्रमुख घटनाक्रम” विषय पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। इसमें सुरक्षा, कूटनीतिक और मानवीय पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

सरकार ने भरोसा दिलाया कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। देश में ऊर्जा सुरक्षा पर्याप्त है, जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और अग्रिम बुकिंग भी की जा चुकी है। सरकार ने बताया कि भारत सभी देशों के साथ लगातार संपर्क में है और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत को और मजबूत किया गया है। भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में है और किसी भी तरह के दबाव में नहीं है। नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार सतर्क है।

बैठक में पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर भी चर्चा हुई, जिसमें सरकार ने साफ किया कि पाकिस्तान का यह रुख नया नहीं है और भारत इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।बैठक के जरिए साफ संदेश दिया कि हालात नियंत्रण में हैं, देश के हित सर्वोपरि हैं और हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है।सरकार ने यह भी जोर देकर कहा कि मध्य पूर्व में रह रहे करीब एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। ईरान के साथ संबंधों को लेकर भी सरकार ने कहा कि रिश्ते अच्छे हैं और एलपीजी समेत सप्लाई जारी है।

फ़ाइल फ़ोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *